गोल्फ के ‘टाइगर’ की वापसी
गोल्फ के महारथी माने जाने वाले टाइगर वुड्स एक बार फिर से चर्चा में हैं. इसकी वजह उनका लंबे समय बाद कोई बड़ी चैम्पियनशिप जीतना है. वुड्स ने मास्टर्स 2019 प्रतियोगिता में जीत हासिल की है. उनको इतनी बड़ी जीत साल 2008 के बाद हासिल हुई है.

वुड्स का पूरा नाम एल्डरिक टॉन्ट वुड्स है. टाइगर इनका उपनाम है.

टाइगर वुड्स ने 1996 में अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी. तब से अब तक वे 100 से अधिक आधिकारिक जीत दर्ज कर चुके हैं. उन्होंने दुनिया के लगभग सारे बड़े टूर्नामेंट्स में जीत हासिल की है. इसमें 81 पीजीए टूर और 41 यूरोपीय टूर शामिल हैं.

इस महान गोल्फर के नाम अनेक सम्मान दर्ज हैं. साल 2009 में एसोशियट प्रेस ने उन्हें ‘एथिलीट ऑफ दि डिकेड’ का सम्मान दिया. इसके अलावा साल 2007 में कैलीफोर्निया के गवर्नर ने उन्हें ‘कैलीफोर्निया हाल ऑफ फेम’ में शामिल किया था.

टाइगर वुड्स का जन्म 1975 में कैलीफोर्निया में हुआ था. इनके पिता एर्ल एक आर्मी अधिकारी थे. उन्होंने वियतनाम में अपनी सेवाएं दी थी. एर्ल लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से रिटायर्ड हुए.

टाइगर वुड्स ने 2004 में एलिन नॉर्डग्रेन से शादी की, जिनसे उनका 2010 में तलाक हो गया. वुड्स के दो बच्चे हैं.

वुड्स को यूं ही नहीं गोल्फ का महारथी कहा जाता है. उनके नाम तमाम रिकॉर्ड दर्ज हैं. इनमें सबसे कम उम्र में यूएस मास्टर्स जीतना, लगातार सबसे ज्यादा बार किसी प्रतियोगिता में जीत दर्ज करना, पीजीए टूर में सबसे लंबा गोल्फ ड्राइव मारना आदि प्रमुख हैं. साथ ही वुड्स के नाम कई गिनीज रिकॉर्ड भी दर्ज हैं.

गोल्फ अमीरों का खेल माना जाता है, फिर इतनी ज्यादा जीत दर्ज करने वाला अमीर तो होगा ही. वुड्स का नाम फोर्ब्स मैग्जीन में सबसे ज्यादा कमाने वाले खिलाड़ी के रूप में दर्ज हो चुका है.

वुड्स का विवादों से भी गहरा नाता रहा है. कहा जाता है कि इसी के चलते उनका करियर तब चौपट हुआ जब वे चरम पर थे. साल 2009 में उन पर शादी से अलग संबंधों के आरोप लगे. इसके अलावा उन्हें शराब पीकर गाड़ी चलाने के लिए गिरफ्तार भी किया गया.
साभार- ट्विटर, गोल्फ डाइजेस्ट