सिडनी टेस्ट के लिए 13 सदस्यीय टीम की घोषणा
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज के चौथे और अंतिम सिडनी टेस्ट के लिए भारत की 13 सदस्यीय टीम की घोषणा कर कर दी गई है. इस 13 सदस्यीय टीम में आफ स्पिनर आर. अश्विन को जगह मिल गई है, हालांकि कप्तान विराट कोहली लगातार यह कह रहे थे कि वह अपनी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं. आर. अश्विन मांसपेशियों में खिंचाव के चलते दूसरा और तीसरा टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें अंतिम ग्यारह में जगह मिलेगी या नहीं. बीसीसीआई के अनुसार, उनकी उपलब्धता पर मैच की सुबह अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
दूसरा बड़ा चौंकाने वाला फैसला इशांत शर्मा को लेकर है. उनका नाम 13 सदस्यीय टीम में नहीं है. हालांकि इसके कारण का पता नहीं चल पाया है. वहीं उमेश यादव का नाम 13 सदस्यीय टीम में शामिल है. इसका मतलब ये हुआ कि भारत के पास सिडनी टेस्ट के लिए तेज गेंदबाजी के विकल्प के रूप में उमेश यादव, मुहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह उपलब्ध होंगे.
13 सदस्यीय टीम में लेफ्ट-आर्म स्पिनर कुलदीप यादव को भी जगह मिली है. इस तरह स्पिन गेंदबाजी विभाग में भारत के पास सिडनी टेस्ट के लिए रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव के रूप में दो विकल्प होंगे.
बल्लेबाजी में के. एल. राहुल का नाम भी 13 सदस्यीय टीम में शामिल है. ये देखना दिलचस्प होगा कि सिडनी टेस्ट के लिए भारत की अंतिम ग्यारह क्या होगी. सिडनी टेस्ट कल से खेला जाएगा. भारत सीरीज में 2-1 की बढ़त ले चुका है.
भारतीय टीम (13 सदस्यीय)
विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्या रहाणे (उपकप्तान), लोकेश राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, आर. अश्विन, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव