भागवत, उद्धव के बीच अभी कोई बातचीत नहीं: संजय राउत
शिवसेना के नेता संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बीच अब तक कोई बातचीत नहीं हुई है.
राउत ने ठाकरे की शिवसेना विधायकों के साथ बैठक से पहले कहा कि उनकी पार्टी और विपक्षी कांग्रेस-एनसीपी के विधायक ”पाला नहीं बदलेंगे”. सरकार गठन पर राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा, ”भागवत और ठाकरे के बीच अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है.”
यह पूछे जाने पर कि राज्य में सरकार गठन को लेकर बने गतिरोध के बीच क्या उनके विचार पार्टी के विचारों का प्रतिनिधित्व करते हैं, उन्होंने कहा, ” मैंने शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के विचारों को सामने रखा.” उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री शिवसेना से ही होगा.
वहीं महाराष्ट्र में बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल के नेतृत्व में पार्टी नेताओं का दल आज राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी से मुलाकात करेगा.
बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंतीवार ने कहा, ”प्रदेश इकाई प्रमुख चंद्रकांत पाटिल के नेतृत्व में बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस द्वारा मंजूर एक संदेश के साथ कोश्यारी से मुलाकात करेगा.”
पोर्टफोलियो के समान आवंटन और मुख्यमंत्री पद साझा करने की शिवसेना की मांग को लेकर बीजेपी और शिवसेना के बीच गतिरोध बना हुआ है.
बीजेपी ने ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद साझा करने की शिवसेना की मांग खारिज कर दी है.
मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को समाप्त होगा.
दोनों दलों के सूत्रों ने बुधवार को कहा था कि दोनों दलों के बीच पीछे के दरवाजे से बातचीत चल रही है और सफलता मिलने की उम्मीद है.
इन विधानसभा चुनाव में 288 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी को सर्वाधिक 105 सीटों पर जीत मिली. शिवसेना 56, एनसीपी 54 और कांग्रेस 44 सीटों पर विजयी रही.