ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने पर एलेक्स हेल्स पर लगा बैन
वर्ल्ड कप की तैयारी में जुटी इंग्लैंड की क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है. दरअसल इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने धुआंधार बल्लेबाज एलेक्स हेल्स को सभी अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों से बाहर कर दिया है. एलेक्स हेल्स को बाहर निकाले जाने का कारण उनका ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाया जाना है.
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की गरिमा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय इंग्लैंड के पुरुष क्रिकेट और राष्ट्रीय क्रिकेट चयनकर्ताओं के प्रबंध निदेशक द्वारा लिया गया है.
इससे पहले हेल्स को ड्रग परीक्षण में नाकाम रहने के कारण 21 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया था. हेल्स को बिना चिकित्सकीय परामर्श के रिक्रिएशनल ड्रग्स लेने के दोषी पाया गया था.
यह दूसरी बार है जब हेल्स को सजा के तौर पर सस्पेंड किया गया है. इससे पहले किसी घटना की वजह से उन्हें सितंबर 2017 में ब्रिस्टल नाइट क्लब के बाहर जुर्माना देना पड़ा था.
हेल्स 4 मई को मलाही में होने वाले वनडे के लिए आयरलैंड नहीं जाएंगे.
हेल्स अपनी टीम से बतौर बल्लेबाज क्रिकेट खेलते हैं, जो कभी-कभी विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी निभा लेते हैं. हेल्स ने अभी तक अपने करियर में 11 टेस्ट, 70 वनडे और 60 टी-20 मैच खेले हैं.