IPL: कैप्टन कूल की 50 फीसदी फीस कटी
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान अंपायर से बहस करने के बाद प्रतिबंध से बच गए लेकिन उन्हें मैच फीस का 50 फीसदी जुर्माना देना पड़ा.
ऐसा संभवत: पहली बार हुआ जब ‘कैप्टन कूल’ ने अपना आपा खोया और अंपायर उल्हास गंधे के फैसले को चुनौती देने डगआउट से निकलकर मैदान पर आ गए .
बीसीसीआई ने कहा,‘‘चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी पर मैच फीस का 50 फीसदी जुर्माना लगाया गया है. उन्होंने जयपुर में राजस्थान रायल्स के खिलाफ मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन किया.’’
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने स्वीकार किया कि नोबॉल को लेकर अंपायर से उलझने के लिए महेंद्र सिंह धोनी से सवाल पूछे जाएंगे, लेकिन कप्तान का बचाव करते उन्होंने कहा कि “वह बस स्पष्टीकरण मांग रहा था.”
गंधे ने रायल्स के गेंदबाज बेन स्टोक्स की कमर से ऊंची जाती एक गेंद नोबॉल दी लेकिन स्क्वेयर लेग अंपायर ब्रूस ओक्सेनफोर्ड से मशविरे के बाद फैसला वापस ले लिया.
धोनी ने अपराध और सजा स्वीकार कर ली है. आईपीएल टीमों की दशा में फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों की जगह जुर्माना भरेगी.
गंधे ने जब नोबॉल का फैसला बदला तो धोनी गुस्से में उनकी तरफ इशारा करते नजर आए. ओक्सेनफोर्ड के समझाने के बाद वह डगआउट में लौटे. चेन्नई ने हालांकि कल का मैच चार विकेट से जीत लिया था.
आईसीसी की आचार संहिता के तहत अंपायर के फैसले पर असंतोष जताने पर एक टेस्ट या दो वनडे का प्रतिबंध लग सकता है.