हिमा दास ने खेल और पढ़ाई में बैठाया बेहतरीन ताल-मेल
एशियाई गेम्स में रजत पदक जीतने वाली धाविका हिमा दास ने खेल और पढ़ाई के बीच बेहतरीन ताल-मेल बैठाते हुए 12वीं के एग्जाम में अच्छा प्रदर्शन किया है.
असम हायर सेकेंडरी एजुकेशन काउंसिल ने 25 मई को 12वीं के बोर्ड रिजल्ट जारी किए. असम के नगाव जिले के ढींग कॉलेज की छात्रा हिमा ने प्रथम श्रेणी के साथ पास होते हुए कुल 70 फीसदी अंक हासिल किए हैं.
हिमा ने एग्जाम का रिजल्ट जानने के लिए पोलैंड से अपने कॉलेज की अध्यापिका सरत दत्ता को फोन कर जानकारी ली थी. दत्ता ने बताया,”सुबह में पोलैंड से मुझे हिमा ने कॉल किया था. उन्होंने मुझे और बाकि लोगों का उनकी पढ़ाई पूरी करने में मदद करने के लिए शुक्रिया अदा किया.”
18 वर्षीय हिमा पिछले साल फरवरी में ट्रेनिंग के लिए देश से बाहर गई हुई हैं. एग्जाम देने के लिए वो इस साल फरवरी में भारत आई थीं. एग्जाम पूरा होने के बाद 9 मार्च को हिमा अपने ट्रेनिंग के लिए एक बार फिर विदेश रवाना हो गई थीं.
हिमा के परिवारवालों ने बताया कि अंग्रेजी में हिमा को 63 अंक और आधुनिक भारतीय भाषा में 84 फीसदी अंक मिले हैं. हिमा के इतिहास के प्रोफेसर बिमन हजारिका ने बताया कि हिमा के कुल अंक में भूगोल का अंक नहीं जोड़ा गया है. अगर वो जोड़ दिया जाए तो कुल फीसदी और बढ़ जाएगा.
हिमा ग्रेजुएशन पूरा करने के लिए ढींग कॉलेज में एडमिशन लेंगी. हजारिका ने कहा,”हिमा ने मुझे कॉल किया था. उन्होंने ग्रेजुएशन पूरा करने की इच्छा जताई है. और कहा है कि उनके घर वाले एडमिशन से जुड़े औपचारिकताएं पूरी करेंगे.”
हिमा की सहेलिया, निलाक्षी और अंजना को क्रमश: 58 और 56 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं.
अंजना ने कहा,”ग्रेजुएशन में हिमा के साथ-साथ हम दोनों भी मुख्य विषय असमिया लेंगे. वो जब चाहे ढींग आ कर क्लास कर सकती है.”
निलाक्षी ने कहा, “हमें लगता है कि हिमा को खेल के साथ-साथ पढ़ाई भी पूरी करती रहनी चाहिए. क्लास जब शुरु होगी तो हम अपने नोट्स वॉट्सएप के जरिए साझा कर सकते हैं.”
इस साल ढींग कॉलेज से 12वीं के एग्जाम के लिए कुल 274 छात्र-छात्राएं बैठे थे. इनमें से आर्ट्स स्ट्रीम में 37 और प्रसाइंस स्ट्रीम में 11 को प्रथम स्थान मिला है.
हिमा दास ने 2018 में एशियाई गेम्स में 400 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीता था. हिमा अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित हैं.