अजलान शाह कप: कनाडा को हराकर भारत ने किया फाइनल में प्रवेश
Twitter
मलेशिया में खेले जा रहे अजलान शाह कप में स्ट्राइकर मनदीप सिंह की हैट्रिक की मदद से भारत ने कनाडा को 7-3 से हराकर अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है .
मनदीप ने 20वें, 27वें और 29वें मिनट में गोल दागे. इससे पहले वरुण कुमार ने भारत को 12वें मिनट में बढत दिलाई थी.
हाफ टाइम में भारत 4-0 से आगे था. कनाडा के लिए मार्क पीयरसन ने 35वें मिनट में गोल दागा .
भारत के लिए अमित रोहिदास ने 39वें , विवेक प्रसाद ने 55वें और नीलाकांता शर्मा ने 58वें मिनट में गोल किया. कनाडा के लिए फिन बूथरायड ने 50वें और जेम्स वालास ने 57वें मिनट में गोल किए.
इस जीत से भारत ने टूर्नामेंट में अपराजेय अभियान जारी रखा. ग्रुप चरण में भारत ने तीन मैच जीते और एक ड्रा खेलकर 10 अंक अर्जित किए.अब एक मैच बाकी रहते भारत फाइनल में पहुंच गया है. उसे शुक्रवार को पोलैंड से आखिरी लीग मैच खेलना है.
कोरिया सात अंक लेकर दूसरे स्थान पर है जबकि मलेशिया और कनाडा के छह अंक है.