मीना मैसराम को मुक्केबाजी विश्व कप में स्वर्ण


Meena Mashram got Gold in Boxing World Cup

  twitter.com/BFI

मीना कुमारी मैसराम (54 किग्रा) ने जर्मनी के कोलोन में आयोजित मुक्केबाजी विश्व कप-2019 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. साक्षी (57 किग्रा) और पिलाओ बासुमात्रे (64 किग्रा) को फाइनल में हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा. मीना स्ट्रांजा कप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं.

भारत ने इस प्रतिष्ठित यूरोपीय टूर्नामेंट में पांच पदक अपने नाम किए. 12 अप्रैल को पिंकी रानी (51 किग्रा) और परवीन (60 किग्रा) ने कांस्य पदक हासिल किये थे.

तीन राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के अलावा साल 2014 में एशियाई चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली मीना ने फाइनल में थाईलैंड की माचाई बुनियानुत को हराया. मीना को सीधे फाइनल में खेलने का मौका मिला था.

मौजूदा युवा विश्व चैम्पियन सीक्षा को दो बार की राष्ट्रमंडल रजत पदक विजेता माइकेला वाल्श से शिकस्त मिली. आयरलैंड की माइकेला ने 18 साल की साक्षी को 5-0 से हराया जिन्होंने पहली बार किसी एलीट टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई थी.

इंडिया ओपन विजेता पिलाओ ने चीन की चेनग्यू यांग के खिलाफ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन किया लेकिन वह चीनी खिलाड़ी की चुनौती से पार नहीं पा सकीं और खंडित फैसले के आधार पर हार गई.


खेल-कूद