सौरव गांगुली ने इमरान खान के संयुक्त राष्ट्र के भाषण को बताया बेहूदा
Twitter
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा हाल ही में यूएनजीए में दिए गए भाषण को लेकर गुस्सा जाहिर किया है.
इमरान खान द्वारा पाकिस्तान को विश्व चैंपियन बनाने वाले बयान को लेकर सौरव गांगुली ने कहा कि,” इमरान अब वह क्रिकेटर नहीं रहे जिन्हें दुनिया जानती थी. इमरान खान का संयुक्त राष्ट्र में दिया गया भाषण बेहद बेहूदा था.”
इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें सत्र में कश्मीर का मुद्दा उठाया था. उन्होंने इसे लेकर परमाणु युद्ध कि धमकी दे डाली थी. उन्होंने कहा था कि कश्मीर में जैसे हालात है उसे देखकर दुनियाभर के 130 करोड़ मुसलमान चरमपंथी हो जाएंगे.
गांगुली से पहले भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह और वीरेंद्र सहवाग भी पाक पीएम कि आलोचना कर चुके हैं. सहवाग ने अपने ट्विटर हैंडल पर इमरान का एक विडियो शेयर किया था, जिसमें अमेरिकी एंकर उनके यूनजीए भाषण पर उन्हें अपमानित कर रहे थे.
इस वीडियो पर गांगुली ने लिखा कि, “वीरू…इसे देखकर मुझे काफी धक्का लगा है. जब पूरी दुनिया को शांति कि जरुरत है तब एक लीडर ऐसा बेहूदा भाषण दे रहा है.”
वहीं हरभजन सिंह ने पाक पीएम को फटकार लगाते हुए कहा था कि, “संयुक्त राष्ट्र महासभा के भाषण में साफ तौर पर भारत के लिए युद्ध के संकेत थे. एक खिलाड़ी होने के नाते उन्हें खूनखराबा और लड़ाई जैसे शब्दों से बचना चाहिए था. ऐसी बातें दोनों देशों के बीच सिर्फ नफरत को बढ़ावा देंगी.”
इससे पहले मोहम्मद शमी और इरफान पठान ने भारत को धमकी देने के बयान पर इमरान को आड़े हाथों लिया था.
बता दें कि एक हफ्ते पहले यूएनजीए में दिए गए भाषण में जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के विकास और वृद्धि के बारे में बात की और बताया कि कैसे उनके नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है, तो वहीं पाक पीएम इमरान खान ने कश्मीर मुद्दे पर बात की और भारत को न्यूक्लियर वॉर की धमकी दी.