सुजूकी ने गुजरात यूनिट में उत्पादन बढ़ाने की योजना पर विराम लगाया
ऑटोमोबाइल क्षेत्र में मांग की कमी के चलते मंदी का माहौल बना हुआ है. बड़े उत्पादक लगातार उत्पादन घटा रहे हैं. इसी कड़ी में गुजरात स्थित सुजूकी मोटर कॉर्पोरेशन ने अपनी उत्पादन क्षमता दोगुनी करने की योजना पर विराम लगा दिया है.
मारुति सुजूकी इंडिया लिमिटेड की मूल कंपनी सुजूकी भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी है. पहले इस कंपनी की योजना कार उत्पादन बढ़ाकर 15 लाख प्रति वर्ष करने की थी. जो कि अभी 7,5000 है. फिलहाल कंपनी ने अपनी उत्पादन क्षमता इतने तक ही सीमित रखने का फैसला किया है.
मांग में कमी के अलावा कुछ और मूल कारण भी हैं जिनके चलते कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता नहीं बढ़ा रही है. पहचान गुप्त रखने की शर्त पर कंपनी से जुड़े लोगों ने बताया कि कुशल कामगारों की कमी और गुजरात का अपर्याप्त बुनियादी ढांचा भी इसके लिए काफी हद तक जिम्मेदार है.
गुजरात के इस प्लांट पर सुजूकी मोटर का मालिकाना हक है. ये भारत में किसी जापानी कंपनी का पहला सीधा निवेश है.
सुजूकी ने पहले अपनी गुजरात की दो यूनिट में 15 लाख कार प्रति साल बनाने की योजना बनाई थी. इसके लिए पहली फैक्टरी 2016-17 में खोली जा चुकी है. यहां 2.5 लाख यूनिट वाली दो असेंबली लाइन हैं. जबकि इतनी ही क्षमता की एक और लाइन इस वित्त वर्ष के अंत तक तैयार होनी थी.
इस बारे में बात करने वाले पहले व्यक्ति ने कहा, “जहां पर सुजूकी का प्लांट हैं वहां आसपास बुनियादी ढांचा अविकसित है और यहां पर कुशल कामगारों का मिलना भी चुनौती है. इसके साथ ही इसकी परिचालन क्षमता बाकी सभी प्लांट से ज्यादा है.”
हालांकि मारुति सुजूकी की ओर से किसी तरह का आधिकारिक बयान देने से इनकार कर दिया गया.
फिलहाल भारत में बीते एक साल से यात्री वाहनों की बिक्री में जोरदार कमी आई है. इसका कारण ईंधन की कीमतों में वृद्धि, कर्ज महंगा होना और अर्थव्यवस्था का सुस्त होना बताया जा रहा है.
इस साल जून की तिमाही में मारुति सुजूकी की बिक्री में 19 फीसदी की कमी दर्ज की गई. जबकि बीते साल इसकी कीमतों में बढ़त दर्ज की गई थी.
आईएचसी मार्किट के सहायक निदेशक पुनीत गुप्ता कहते हैं, “मारुति अपने भविष्य के निवेश को लेकर सतर्क हो गई है. विशेष तौर पर ऑटो बाजार में आई अनियमितताओं को लेकर.”
जानकारों का कहना है कि मारुति सुजूकी गुजरात में आ रही परेशानियों के चलते अपना प्लांट दक्षिण भारत में स्थानांतरित कर सकती है.