विश्वकप मैच पर पाकिस्तानी चैनल के विज्ञापन पर सोशल मीडिया पर नाराजगी
पाकिस्तान के एक चैनल द्वारा भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान जैसे हुलिये वाले शख्स की मदद से क्रिकेट विश्व कप के लिए एक मजाकिया विज्ञापन बनाना ट्विटर यूजर्स को रास नहीं आ रहा है. ट्विटर यूजर्स ने विज्ञापन को ‘ओछा’ और ‘शर्मनाक’ बताया है.
बालाकोट हवाई हमले के बाद 27 फरवरी को पाकिस्तानी सीमा में मिग-21 बाइसन के दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरने के बाद भारतीय वायुसेना के पायलट अभिनंदन पाकिस्तान की हिरासत में थे. उस दौरान पाकिस्तानी अफसरों के साथ हुई उनकी बातचीत की पैरोडी पर यह विज्ञापन आधरित है.
पाकिस्तान की ओर से जारी वीडियो वायरल हो गया था. उसमें अभिनंदन उनसे पूछे गए सवालों के जवाब में यह कहते हुए नजर आ रहे थे कि ‘‘मुझे माफ करें, मैं आपको यह नहीं बता सकता.’’
विज्ञापन में अभिनंदन की तरह दिखने वाला एक व्यक्ति बिलकुल उनकी वेशभूषा में है. वह मैच के संबंध में सवाल करने पर कह रहा है, ‘‘मुझे माफ करें, मैं आपको यह नहीं बता सकता.’’
इंग्लैंड में हो रहे आईसीसी 2019 क्रिकेट विश्व कप में भारत और पाकिस्तान का मैच 16 जून को होना है.