अजलान शाह कप: भारत और दक्षिण कोरिया के बीच खिताबी जंग आज
Twitter
मलेशिया में खेले जा रहे अजलान शाह हॉकी कप में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच खिताबी मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा.
भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अभी तक पांच मैच खेले है जिसमें उसे 13 पॉइंट मिले. भारतीय हॉकी टीम का प्रदर्शन शुरुआत से ही शानदार रहा है.
भारतीय हॉकी टीम चार जीतों और एक ड्रा समेत अभी छह टीमों के टूर्नामेंट में तेरह अंक लेकर शीर्ष पर है. जबकि भारत के साथ फाइनल खेलने वाली दक्षिण कोरिया की टीम के 10 अंक हैं.
इससे पहले भारतीय हॉकी टीम ने अपने आखिरी लीग मैच में पोलैंड को 10-0 से हराया जो कि इस टूर्नामेंट के लीग मैचों में भारतीय हॉकी टीम की सबसे बड़ी जीत थी.
उसने एशियाई खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट जापान को 2-0 से हराया तथा मेजबान मलेशिया को 4-2 और कनाडा को 7-3 से पराजित किया था.
कोरिया की टीम विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर हैं वहीं भारतीय टीम पांचवे स्थान पर है. हॉकी के जानकारों की माने तो भारत यह मुकाबला आसानी से जीत लेगा.
भारतीय हॉकी टीम दक्षिण कोरिया के खिलाफ खिताबी मुकाबले में आक्रामक खेल खेलने की कोशिश करेगी.
मंदीप सिंह की अगुवाई वाली भारतीय हॉकी टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है. इस टूर्नामेंट में भारतीय हॉकी कप्तान मंदीप सिंह सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं.
भारत और दक्षिण कोरिया दोनों टीमों के बीच कुल 81 मैच खेले गए हैं जिसमें 32 मुकाबलों में भारत और 31 में कोरिया को जीत मिली है. 18 मैचों में दोनों टीमों को ड्रा से संतोष करना पड़ा है.
भारतीय हॉकी टीम अभी तक चार बार (1985, 1991, 1995, और 2009) जीत चुकी है. इसके विपरीत दक्षिण कोरिया ने केवल 1996 एक बार अजलान शाह कप जीता है.