आईपीएल: क्या हो गया डेथ ओवर्स के विशेषज्ञ गेंदबाजों को?
Twitter
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को शुरू हुए केवल अभी पांच दिन ही हुए हैं. वैसे तो अब तक आईपीएल में कई बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिले हैं लेकिन भारतीय गेंदबाजो के अब तक के प्रदर्शन ने काफी निराश किया है.
हैरानी की बात ये है कि डेथ ओवर्स के विशेषज्ञ माने जाने वाले भारतीय गेंदबाज अब तक बेहद औसत साबित हुए हैं. उनमें से एक नाम टीम इंडिया के स्विंग मास्टर भुवनेश्वर कुमार का है. वहीं जसप्रीत बुमराह ने भी अपने प्रदर्शन से निराश किया है.
वनडे और टेस्ट क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवा चुके जसप्रीत बुमराह आईपीएल के 12वें संस्करण में कुछ ख़ास कमाल नहीं कर पा रहे हैं. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए पहले मैच में जसप्रीत बुमराह ने अपने चार ओवेरों में एक विकेट लेकर चालीस रन लुटा दिए. उनके मंहगे साबित होने की कीमत उनकी टीम को हारकर चुकानी पड़ी.
बुमराह के अलावा टीम इंडिया के दूसरे गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी में वह पैनापन नहीं दिखाई दे रहा है जिसके लिए वह जाने जाते हैं. वह विश्व कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम के अहम सदस्य हैं. भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन चयनकर्ताओं के लिए चिंता का कारण बना हुआ है.
भुवनेश्वर ने इस बार आईपीएल में डेथ ओवेरों में सबसे ज्यादा रन लुटाए हैं. उन्होंने दो मैचों में 18 की औसत से कुल 72 रन दिए हैं. टूर्नामेंट के अब तक पांच सबसे महंगे ओवरों में दो ओवर भुवनेश्वर कुमार ने ही फेकें हैं.
हालांकि राजस्थान के साथ खेले गए मुकाबले में भुवनेश्वर ने अपने शुरुआती दो ओवर के स्पेल में रशीद खान के साथ मिलकर दस रन दिए. लेकिन बाद में डेथ ओवर्स में संजू सेमसन ने उनकी धीमी रफ़्तार का फायदा उठाते हुए उनके 18वें में ओवर में 24 रन बटोरे.
जब से आईपीएल शुरू हुआ है तब से भुवनेश्वर कुमार ने अब तक 103 गेंदों में 210 रन दिए हैं और वे तीसरे सबसे खर्चीले बॉलर बन गए हैं.
पिछले दो आईपीएल सीजन में भुवनेश्वर कुमार ने 8.95 रन रेट से रन दिए थे. वहीं, इस बार उनका डेथ ओवर का रन रेट बढ़कर 12.23 प्रति ओवर हो गया.