विश्व कप के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का एलान
30 मई से इंग्लैण्ड और वेल्स में शुरू होने वाले क्रिकेट के महाकुम्भ के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने अपने पंद्रह खिलाड़ियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है.
केन विलियम्सन न्यूजीलैंड की टीम की कप्तानी करेंगे. वहीं रॉस टेलर न्यूजीलैंड के सातवें खिलाड़ी होंगे जो अपने देश की तरफ से चौथा विश्व कप खेलेंगे. इसके अलावा टिम साउदी और मार्टिन गुप्टिल अपना तीसरा विश्व कप खेलने को तैयार हैं.

इस टीम चयन में सबसे ज्यादा ध्यान आकर्षित करने वाली बात टॉम ब्लंडेल को विश्वकप टीम में बतौर विकेटकीपर शामिल करना है. अभी उन्होंने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है. अगर विश्वकप में उन्हें प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनने का मौका मिला तो वह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय मैच होगा.
टॉम ब्लंडेल को बतौर विकटकीपर टॉम लेथम के बैकअप के तौर पर रखा गया है. इससे पहले टिम सीफर्ट बतौर बैकअप विकेटकीपर टीम में शामिल थे, लेकिन अंगुली में चोट के चलते वह कुछ समय से मैदान से दूर हैं.
लेग स्पिनर की रेस में ईश सोढ़ी ने अपने साथी टॉड एस्टल को पछाड़ते हुए टीम में जगह बनाई है. अपने वनडे क्रिकेट में ईश सोढ़ी ने 63 मैच खेले हैं जबकि एस्टल को केवल 11 मैच का ही अनुभव था.
सोढ़ी और सैंटनर मिलकर टीम के स्पिन आक्रमण का जिम्मा संभालेंगे. इसके अलावा फर्ग्यूसन, टीम साउदी और ट्रेंट बौल्ट तेज गेंदबाजी की अगुआई करेंगे.
सीमर डौग ब्रसवेल, जो न्यूजीलैंड की की घरेलू सीरीज में टीम का हिस्सा थे, को भी विश्व कप जाने वाली टीम का टिकट नहीं दिया गया है.
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कोच गैरी स्टिड ने कहा कि टीम का चयन करते हुए हमें कई कठोर निर्णय लेने पड़े. लेकिन मुझे लगता है हमने एक संतुलित टीम चुनी है.
विश्व कप जाने वाली न्यूजीलैंड की टीम
केन विलियमसन (कप्तान), टॉम ब्लंडेल, ट्रेंट बोल्ट, कोलिन डी ग्रैंडहोम, लोकी फर्ग्यूसन, मार्टिन गप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम, कॉलिन मुनरो, जिमी नीशम, हेनरी निकोल्स, मिचेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, रॉस टेलर.