विश्व कप के दौरान केवल 15 दिन तक साथ रह सकेंगी पत्नियां
Twitter
30 मई से इंग्लैंड में शुरु होने जा रहे विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट में जो खिलाड़ी पत्नी और गर्लफ्रेंड को ले जाना चाहते हैं, अब वे उन्हें ज्यादा दिन तक अपने साथ नहीं रख पाएंगे.
बीसीसीआई ने टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की पत्नियों और परिवार के सदस्यों को आईसीसी विश्व कप 2019 के दौरान 15 दिनों की अवधि के लिए रहने की अनुमति दी है.
इसका मतलब यह है कि 16 जून को होने वाले भारत पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई वोल्टेज मैच में कोई भी खिलाड़ी या सहयोगी स्टाफ अपनी पत्नियों को अपने साथ नहीं रख सकेगा.
भारतीय कप्तान विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा विश्व कप के आखिरी फेज तक रहना चाहती हैं.
साल 2015 के विश्व कप और 2017 में हुई चैंपियन ट्रॉफी के दौरान स्टेडियम में खिलाड़ियों की पत्नियों की मौजूदगी की काफी आलोचना हुई थी.
बीसीसीआई को इस मामले में पहले भी दिक्कत होती रही है. भारतीय क्रिकेट टीम जब ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गई थी, तब क्रिकेटरों का परिवार काफी बढ़ गया था और इनकी संख्या बढ़कर 37 हो गई थी. इसके बाद बीसीसीआई को इनकी व्यवस्था करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी.
भारतीय टीम अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 जून को करेगी.