पुरुष वनडे इंटरनेशनल मैच में अंपायरिंग करने वाली पहली महिला बनीं क्लेयर
ऑस्ट्रेलिया की क्लेयर पोलोसाक पुरुष वनडे इंटरनेशनल मैच में अंपायरिंग करने वाली पहली महिला बन गई हैं. क्लेयर ने आईसीसी वर्ल्ड क्रिकेट लीग डिवीजन-2 के फाइनल मैच में यह उपलब्धि हासिल की. यह मैच 27 अप्रैल को नामीबिया और ओमान के बीच खेला गया. नामीबिया ने इस मैच में 151 रन से जीत हासिल की.
31 वर्षीय क्लेयर ने कभी क्रिकेट नहीं खेला. लेकिन 2017 में वे ऑस्ट्रेलिया में पुरुषों के किसी क्रिकेट मैच में अंपायरिंग करने वाली पहली महिला अंपायर बनी थीं.
क्लेयर ने मैच शुरू होन से पहले कहा “मैं पुरुष एकदिवसीय मैच में पहली महिला अंपायर बनने को लेकर रोमांचित हूं और मुझे खुशी है कि अंपायर के रूप में मैं इतनी दूर तक आई हूं. एक अंपायर के तौर पर महिलाओं को बढ़ावा देना बहुत जरूरी है. इसका कोई कारण नहीं है कि महिलाएं क्रिकेट में अंपायरिंग नहीं कर सकतीं. यह बाधाओं को तोड़ने, जागरूकता पैदा करने के बारे में है ताकि अधिक महिलाएं इस भूमिका में आ सकें.”
क्लेयर इससे पहले महिलाओं के 15 वनडे मैच में अंपायरिंग कर चुकी हैं. नवंबर 2016 में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए वनडे मैच में उन्होंने पहली बार अंपायरिंग की थी. इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड और भारत के बीच 2018 में खेले गए विमेन टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी अंपायरिंग की थी.