फ्रेंच ओपन 2019: इन तीन खिलाड़ियों पर होंगी सबकी नजरें
रोजर फेडरर 2015 के बाद एक बार फिर से फ्रेंच ओपन में वापसी करने जा रहे हैं. उनकी नजरें अपने 21वें ग्रैंड स्लैम पर होंगी. दूसरी ओर उनके सामने हैं उनके प्रतिद्वंद्वी जोकोविक और राफेल नडाल. इससे पहले जोकोविक और नडाल इटालियन ओपन के फाइनल में भिड़ चुके हैं. जहां नडाल जीत दर्ज करने में सफल रहे थे. आइए आंकड़ों में जानते हैं, कितनी मजबूत है किसकी दावेदारी.
नोवाक जोकोविक
सर्बिया का ये खिलाड़ी इस समय विश्व रैंकिंग में नंबर एक पर है. जोकोविक ने 2018-19 में क्ले कोर्ट पर 21-7 के अंतर से सेट अपने नाम दर्ज कर रिकॉर्ड बनाया था. जबकि साल 2016 में वे फ्रेंच ओपन के विजेता रहे थे.
लगातार तीन ग्रैंड स्लैम जीतकर जोकोविक ने दिखा दिया है कि वे इस समय बेहतरीन फार्म में चल रहे हैं. ये ट्रॉफी जीतने के साथ ही वे कैलेंडर ईयर के चारों ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे.
जोकोविक अब तक कुल 15 बड़े खिताब अपने नाम कर चुके हैं, नडाल संख्या में दो खिताब आगे हैं. लेकिन फेडरर की बराबरी के लिए उन्हें अभी पांच खिताब अपने नाम करने होंगे.
इस बीच एक बात और है जो ध्यान रखने वाली है, वो है जोकोविक और फेडरर की उम्र. जोकोविक की उम्र अभी 32 साल है वहीं फेडरर 37 साल के हैं. 32 साल की उम्र पूरी करने के बाद फेडरर अभी सिर्फ तीन खिताब ही जीत पाए हैं.
अगर जोकोविक को फेडरर के रिकॉर्ड तक पहुंचना है तो उन्हें जीत का कोई मौका चूकना नहीं होगा.
राफेल नडाल
विश्व रैंकिंग में नडाल इस समय दूसरे नंबर पर हैं. इसके अलावा क्ले कोर्ट पर उनका रिकॉर्ड 40-4 का है. नडाल फ्रेंच ओपन के बेताज बादशाह हैं. वह 11 बार ये खिताब अपने नाम कर चुके हैं. पिछली बार 2018 में उन्होंने ये खिताब अपने नाम किया था.
इस समय नडाल ही एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो फेडरर के रिकॉर्ड के आस-पास नजर आते हैं. नडाल खिताब जीतने में भले ही पीछे हों लेकिन एक-दूसरे के साथ रिकॉर्ड के मामले वे इस स्विस खिलाड़ी से बेहतर नजर आते हैं. नडाल ने फेडरर के सामने 23-15 का रिकॉर्ड कायम कर रखा है.
अगर इस बार ये स्पेनिश खिलाड़ी खिताब जीतने में सफल रहता है तो फ्रैंच ओपन की उनकी 12वीं जीत होगी. इसके साथ ही वे रोजर फेडरर के रिकॉर्ड के करीब पहुंच जाएंगे. नडाल अब तक 17 ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम कर चुके हैं.
रोजर फेडरर
स्विटजरलैंड के इस खिलाड़ी की गिनती दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में होती है. हालांकि उम्र और चोटों के चलते इनका खेल प्रभावित हुआ है, लेकिन फिर भी फेडरर को इस फ्रेंच ओपन के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है.
विश्व रैंकिंग में फेडरर इस समय नंबर तीन पर हैं. अगर बात क्ले कोर्ट पर उनके रिकॉर्ड की करें तो 4-1 के साथ ये बहुत बेहतर नहीं है. वे साल 2009 में फ्रेंच ओपन के विजेता रहे थे.
अगर फेडरर इस बार जीतने में सफल रहते हैं तो ये उनका 21 ग्रैंड स्लैम खिताब होगा. इस तरह से वे नडाल और जोकोविक की पहुंच से और दूर हो जाएंगे. वहीं दूसरी बार फ्रेंच ओपन जीतना उनके लिए एक नई उपलब्धि होगी.