फ्रेंच ओपन 2019: क्या चल पाएगा सेरेना और फेडरर का जादू!
ट्विटर
फ्रेंच ओपन मतलब टेनिस का महासमर. ये क्ले कोर्ट पर आयोजित होने वाला दुनिया का एकमात्र टेनिस टूर्नामेंट है. मई के अंतिम या जून के पहले हफ्ते में ये पेरिस में हर साल आयोजित होता है. आइए इसके बारे में जानते हैं कुछ खास बातें.
कहां होता है
ये फ्रांस के पेरिस शहर में रोलां गैरोस स्टेडियम में आयोजित होता है. इसके बारे में खास बात ये है कि अंग्रेजी ना बोलने वाले ज्यादातर लोग इसे रोलां गैरोस के नाम से ही बुलाते हैं.
वैसे तो पहले से ही ये स्टेडियम काफी बड़ा है, लेकिन फिर भी इसका विस्तार अभी जारी है. अब ये 850 एकड़ से बढ़कर 1,250 एकड़ में विस्तारित किया जा रहा है.
कुछ बड़े खिलाड़ी
अपने दौर की बड़ी महिला खिलाड़ियों में शामिल सेरेना विलियम्स अपने बच्चे के जन्म के बाद एक बार फिर से धूम मचाने के लिए तैयार हैं. हालांकि इस बार उनकी उम्मीदवारी पर कुछ सवाल हैं. पिछले हफ्ते इटालियन ओपन से उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था. ऐसा उन्होंने अपने बाएं घुटने में दर्द के चलते किया था.
37 वर्षीय सेरेना इस समय दुनिया की 10वें नंबर की खिलाड़ी हैं. 2017 में हुए ऑस्ट्रेलियाई ओपन के बाद वो अब तक कोई टूर्नामेंट जीतने में सफल नहीं हो सकी हैं.

सेरेना के बारे में एक और बात खास है, वो ये कि अगर वे इस बार फ्रेंच ओपन में जीत दर्ज करती हैं तो सबसे ज्यादा बार सिंगल्स ग्रैंड स्लैम जीतने वाली महिला खिलाड़ी के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगी.
रोजर फेडरर, नाम ही काफी है. टेनिस के इतिहास में महानतम खिलाड़ियों में शुमार होते हैं फेडरर. साल 2015 के बाद एक बार फिर से वे इस बार फ्रेंच ओपन में वापसी करने जा रहे हैं. इससे पहले दो बार वे आराम करने के चलते फ्रेंच ओपन से बाहर रहे हैं और एक पार पीठ में चोट के चलते वे नहीं खेल सके हैं.
इस 37 वर्षीय खिलाड़ी ने अब तक 20 ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किए हैं. अगर इस बार फेडरर फ्रेंच ओपन में जीत दर्ज करते हैं तो ये उनकी 21वीं ग्रैंड स्लैम जीत होगी.

फेडरर भले ही महानतम खिलाड़ियों में गिने जाते हों, लेकिन राफेल नडाल क्ले कोर्ट के बादशाह कहे जाते हैं. इससे पहले वो रिकॉर्ड 11 बार फ्रेंच ओपन जीत चुके हैं. इस बार उनकी नजर अपना रिकॉर्ड मजबूत करने पर होगी.
नडाल को ज्यादा भाव इसलिए भी मिल रहे हैं, क्योंकि बीते महीने वे जोकोविक को इटालियन ओपन में हराकर अपनी फॉर्म दिखा चुके हैं.

जोकोविक भी इनमें से किसी से कमजोर नहीं हैं. वे साल के चारों ग्रैंड स्लैम खिताब पहले भी एक बार अपने नाम कर चुके हैं. इसके अलावा कुछ नए खिलाड़ी भी काफी प्रतिभाशाली हैं. अगर इनमें से कोई उलटफेर कर दे तो कोई बड़ी बात नहीं होगी.
फ्रेंच ओपन क्ले कोर्ट में क्यों होता है
वैसे तो इसके पीछे कई कारण हैं, लेकिन जो सबसे प्रमुख है वो है परंपरा. रोलां गैरोस की वेबसाइट के मुताबिक घास के खराब होने के चलते इसे ढकने के लिए टेरा कोटा मिट्टी का प्रयोग किया जाता था. तब से ही ये परंपरा चली आ रही है. वैसे भूमध्यसागरीय देशों में क्ले कोर्ट पर टेनिस खेला जाता रहा है.
क्ले कोर्ट पर होने वाले मैचों में तेज सर्विस की दक्षता रखने वाले खिलाड़ी फायदे में रहते हैं, क्योंकि ये कोर्ट घास वाले कोर्ट से धीमी रहती है और सर्विस तोड़ने के लिए आपको काफी जोर लगाना होता है.