सौहार्द का संदेश देता रंगों का त्योहार होली
फाल्गुन के महीने में मनाया जाने वाला होली का त्योहार भारत के प्रमुख त्योहारों में से एक है. इस दिन लोग एक-दूसरे को रंग, गुलाल लगाते हैं, नाच-गाना होता है, लोग आपस में गले मिलते हैं. होली की शुरुआत के पीछे तमाम कथाएं हैं, लेकिन होली सामाजिक समरसता का संदेश देने वाले त्योहार के रूप में भारत समेत पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी लोकप्रिय है.

भारतीय परंपराओं के मुताबिक होली अनेकों तरह से मनाई जाती है. लेकिन मथुरा की होली पूरे देश में प्रसिद्ध है. यहां लट्ठमार होली मनाई जाती है, इसमें महिलाएं पुरुषों पर लाठी से वार करती है, बदले में पुरुष अपना बचाव करते हैं. ये सब सिर्फ प्रतीकात्मक होता है.

होली को लेकर युवाओं में जबर्दस्त उत्साह देखा जाता है. हो भी क्यों ना होली ऊर्जा से भरपूर त्योहार है और युवाओं में ऊर्जा का स्तर चरम पर रहता है.

अब इन युवाओं को देख लीजिए, ये शायद स्पेन के प्रसिद्ध त्योहार ला टोमैटीनों और होली दोनों का मजा एक साथ लेने की कोशिश में हैं.

हवा में उड़ता गुलाल, संगीत की धुनों पर नाचते लोग. होली की छटा ही कुछ निराली होती है.

रंग, गुलाल के साथ फूलों की होली भी खेली जाती है. सांस्कृतिक भेषभूषा में नृत्य करता युवाओं का ये समूह फूलों की होली का आनंद ले रहा है.