जून महीने में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि दर घटकर दो फीसदी पर पहुंची
खनन और विनिर्माण क्षेत्र के खराब प्रदर्शन के कारण जून महीने में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर गिरकर दो प्रतिशत पर आ गई है. आधिकारिक आंकड़ों खनन क्षेत्र की वृद्धि दर 6.50 प्रतिशत से कम होकर 1.60 प्रतिशत पर आ गई है.
पिछले साल जून में औद्योगिक उत्पादन सूचकांक सात प्रतिशत की दर से बढ़ा था.
जून महीने में विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि दर पिछले साल के 6.90 प्रतिशत की तुलना में गिरकर 1.20 प्रतिशत पर आ गई.
बिजली उत्पादन क्षेत्र की वृद्धि दर भी 8.50 प्रतिशत से घटकर 8.20 प्रतिशत पर आ गई है.
आदित्य बिड़ला समूह की प्रमुख कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून में समाप्त पहली तिमाही में 27.9 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,062.89 करोड़ रुपये रहा.
घरेलू वाहन कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा चालू तिमाही में अपने विभिन्न संयंत्रों में 8-14 दिन के लिए उत्पादन बंद करने जा रही है. उत्पादन और मांग के बीच संतुलन बैठाने के लिए कंपनी यह कदम उठा रही है.
अप्रैल-जुलाई के दौरान महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू वाहन बिक्री आठ प्रतिशत घटकर 1,61,604 इकाई रह गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 1,75,329 इकाई थी.