2019 पर सबकी नज़र
नए साल 2019 में कदम रखने के लिए अब कुछ ही घंटे बाकी हैं. साल 2019 का यह साल कई मायनों में बेहद खास होने वाला है. राजनीति से लेकर खेल जगत तक सब की नजरें इस साल पर टिकी हैं. 2019 में न सिर्फ देश में अगले पांच सालों के लिए नई सरकार पर मुहर लग जाएगी, बल्कि क्रिकेट विश्व कप समेत कई बड़े आयोजन सुर्खियों में रहेंगे.
2019 में क्या कुछ खास:
लोकसभा चुनाव 2019
साल 2019 अप्रैल-मई में होने वाला लोकसभा चुनाव से देश की राजनीति के अगले पांच साल तय हो जाएंगे. बता दें कि 3 जून को नरेंद्र मोदी सरकार का कार्यकाल खत्म हो रहा है. इस चुनाव को बीजेपी और कांग्रेस के लिए अग्निपरीक्षा के रूप में देखा जा रहा है. एनडीए बनाम महा-गठबंधन के बीच होने वाले इस मुकाबले के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां अभी से तैयारी में जुट गई हैं. बहरहाल, लोकसभा चुनाव के बाद नई सरकार की क्या तस्वीर होगी इसका फैसला पूरी तरह जनता पर निर्भर है. 
8 राज्यों में चुनाव
साल 2019 में देश के आठ राज्यों में चुनाव होने हैं . केंद्र सरकार के साथ-साथ आंध्र प्रदेश , अरूणाचल प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखण्ड और जम्मू-कश्मीर की राज्य सरकारों का भी फैसला इसी साल होगा.
राम मंदिर-बाबरी मस्जिद फैसला
देश में आस्था का सबसे बड़े विवाद कहे जाने वाले अयोध्या राम मंदिर-बाबरी मस्जिद जमीन विवाद मामले में सुनवाई की तारीख जनवरी माह में तय होगी. इस विवाद से जुड़ी साल 2018 की आखिरी सुनवाई 18 अक्तूबर को हुई थी जिसके दौरान प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई के नेतृत्व वाली तीन सदस्यीय पीठ ने कहा था कि उचित पीठ अगले साल जनवरी में सुनवाई की आगे की तारीख तय करेगी.
आईसीसी (ICC) क्रिकेट विश्व कप
क्रिकेट विश्व कप 30 मई से 15 जुलाई तक वर्ल्ड कप खेला जाएगा. इस बारहवें क्रिकेट विश्व कप प्रतियोगिता में भारत अपना तीसरा विश्व कप जीतने के लिए मुकाबला करेगा. साथ ही 2019 का यह विश्व कप 2011 में भारत को जीत दिलाने वाले महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी विश्व कप हो हो सकता है. यह पांचवीं बार है, जब विश्व कप इंग्लैंड और वेल्स में आयोजित किया जाएगा .
प्रयागराज कुंभ मेला
विश्व का सबसे बड़ा समागम ‘प्रयागराज कुंभ 2019’ मेला 15 जनवरी से लेकर 8 मार्च के बीच होगा. बता दें कि 16 अक्टूबर 2018 को इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज कर दिया गया था. कुंभ दुनिया के बड़े धार्मिक अनुष्ठानों में से एक है. इस मेले को यूनेस्को की भी मान्यता मिल चुकी है.
चंद्र यान-2 लॉन्च कर भारत रचेगा इतिहास
2019 में जनवरी में अपना महत्वाकांक्षी अभियान चंद्रयान-2 लॉन्च कर सकता है. योजना के अनुसार भारत चंद्रयान-2 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचाएगा. इसरो के चेयरमैन के. सिवन ने 28 अगस्त 2018 को इस अभियान की जानकारी देते हुए कहा था कि यदि यह अभियान सफल होता है तो ऐसा करने वाला भारत विश्व का पहला देश बनकर इतिहास रच देगा.
एयरो इंडिया 2019
भारत की सबसे बड़ी सैन्य और उड्डयन प्रदर्शनी ‘एयरो इंडिया 2019’ का आयोजन 20-24 फरवरी के बीच बंगलुरु के येलाहांका स्थित एयर फोर्स स्टेशन में किया जाएगा. इस इवेंट में देश-विदेश की लगभग 500 कंपनियों द्वारा भाग लिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है.
दिखेंगे तीन सुपरमून
साल 2019 अंतरिक्ष प्रेमियों के लिए बेहद खास रहेगा. नए साल में लगातार तीन सुपरमून दिखेंगे. 21 जनवरी, 19 फरवरी और 21 मार्च 2019 को दिखने वाले सुपरमून का आकार अन्य दिनों की तुलना में काफी बड़ा होगा.
