दस साल बाद पाकिस्तान में टेस्ट सीरिज खेलने के लिए श्रीलंका तैयार
एक रिपोर्ट के मुताबिक श्रीलंका के क्रिकेट बोर्ड ने कथित तौर पर पकिस्तान में टेस्ट मैच खेलने के लिए हामी भर दी है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) टेस्ट क्रिकेट को देश में वापस लाने के लिए प्रयास कर रहा है और इन प्रयासों को श्रीलंका से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की खबरें आई हैं.
अगर सब कुछ सकारात्मक रहा, तो इस साल सितंबर-अक्टूबर में पाकिस्तान में दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों सीरीज खेली जा सकती है. ये टेस्ट मैच कराची के नेशनल स्टेडियम और लाहौर के स्टेडियम में खेले जा सकते हैं.
रिपोर्ट में यह कहा गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) बांग्लादेश क्रिकेट टीम के साथ भी बातचीत कर रहा है, जिससे उन्हें पाकिस्तान में एक छोटी श्रृंखला के लिए आमंत्रित किया जा सके.
मार्च 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई टीम पर हुए बस हमले के बाद से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक भी अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट मैच आयोजन नहीं किया है. पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात में अपनी सभी घरेलू श्रृंखलाओं की मेजबानी की है.
केवल 2017 में पाकिस्तान को श्रीलंका के साथ तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला की मेजबानी मिली थी. जिसमें मेहमान टीम 0-3 से हार गई थी. इस श्रृंखला के सफल आयोजन ने पाकिस्तान को अप्रैल 2018 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ तीन मैचों का आयोजन करने का मौका दिया था.
अभी हाल ही में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच संपन्न हुई पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज के दो मैच पाकिस्तान में खेले जाने के लिए पीसीबी ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से आग्रह किया था. लेकिन प्रस्ताव पास नहीं हुआ.