वेनेजुएला : सुप्रीम कोर्ट ने जुआन गोइदो के देश छोड़ने पर लगाई पाबंदी
वेनेजुएला में स्वघोषित अंतरिम राष्ट्रपति जुआन गोइदो के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी कार्रवाई की है. कोर्ट ने गोइदो के देश से बाहर जाने पर पाबंदी लगा दी है. साथ ही उनके तमाम बैंक खातों को सीज (रोक) करने का आदेश दिया है.
वेनेजुएला में बीते कुछ समय से लगातार बढ़ते जा रहे राजनीतिक संकट के बीच ये सुप्रीम कोर्ट की बड़ी कानूनी कार्रवाई है.
इस मामले में सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस माइकल मोरेनो ने कहा, “कोर्ट इस मामले में शुरुआती जांच शुरू कर रहा है. गोइदो के खिलाफ लिए गए फैसले एहतियात के तौर पर उठाए गए हैं, जो देश की अखंडता को बनाए रखने के लिए अहम है”.
कोर्ट का ये फैसला जहां चुने गए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के लिए राहत भरा रहा. वहीं गोइदो के खिलाफ आए इस फैसले पर ट्रंप प्रशासन की नारजगी साफ देखी जा सकती है.
ट्रंप प्रशासन ने कोर्ट के फैसले की कड़ी निंदा की है. उनकी ओर से साफ शब्दों में कहा गया है कि अगर विपक्षी नेता गोइदो को किसी भी तरह का नुकसान हुआ तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं.
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने ट्विट किया, “हम वेनेजुएला के अवैध पूर्व अटॉर्नी जनरल की राष्ट्रपति जुआन गोइदो को दी गई धमकियों की निंदा करते हैं. मैं ये एक बार फिर दोहरा रहा हूं कि जो लोग लोकतंत्र के लिए खतरा बनेंगे और गोइदो को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, उन्हें गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ेगा”.
इस महीने के शुरुआत में निकोलस मादुरो ने राष्ट्रपति पद की कमान संभाली थी. जिसके बाद जुआन गोइदो ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर देशभर में राष्ट्रपति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू किए. बीते बुधवार को गोइदो ने मादुरो के खिलाफ हुई एक बड़ी रैली के दौरान को खुद को वेनेजुएला का अंतरिम राष्ट्रपति घोषित कर दिया था. देश में तेज होते प्रदर्शनों और मुठभेड़ के बीच तख्तापलट जैसी परिस्थितियां पैदा हो गईं.
नेशनल एसेंबली के प्रमुख जुआन गोइदो विपक्ष के नेता हैं.
इस मुद्दे पर जहां एक ओर रूस, चीन, तुर्की, क्यूबा, सीरिया और कई दूसरे देश राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अपना समर्थन दे चुके हैं. वहीं दूसरी ओर अमेरिका, कनाडा के अलावा ब्राजील, कोलंबिया, इज़रायल सहित दक्षिण अमेरिका और यूरोप के कई देश नेशनल एसेंबली के प्रमुख जुआन गोइदो के समर्थन में खड़े हो गए हैं.
राष्ट्रपति मादुरो ने गोइदो पर संविधान और कानून उल्लंघन के गंभीर आरोप लगाए हैं. राष्ट्रपति मादुरो ने कहा कि गोइदो को अमेरिका से मिलने वाला असीमित समर्थन इस बात की ओर इशारा है कि इसमें अमेरिका के अपने निहित स्वार्थ हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “वेनेजुएला यूएस की साजिश का शिकार हुआ है”.