बीजेपी नेता का बयान- कमल हासन की जीभ काट लेनी चाहिए
तमिलनाडु से बीजेपी नेता केटी राजेंद्र बालाजी ने फिल्म अभिनेता से नेता बने कमल हासन की जीभ काटने की बात कही है.
बालाजी ने कमल हासन के राजनीतिक संगठन मक्कल नीडि मय्यम पर भी प्रतिबंध लगाने की बात कही है. बालाजी ने चुनाव आयोग से हासन के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है.
अभिनेता से नेता बने कमल हासन के एक राजनीतिक बयान को लेकर विवाद पैदा हो गया है. उन्होंने कहा है कि स्वतंत्र भारत का सबसे पहला आतंकवादी हिंदू था.
इसके बाद से ही विपक्ष लगातार उनकी आलोचना कर रहा है. कमल हासन ने इस बयान के जरिए नाथूराम गोडसे पर निशाना साधा था.
बालाजी को विवादास्पद बयान देने के लिए जाना जाता है. कुछ दिनों पहले उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी हमारे और पूरे देश के पिता हैं.
कमल हासन ने तमिलनाडु के अरवाकुरिची विधानसभा क्षेत्र में हिंदू आतंकवाद को लेकर मौजूदा बयान दिया था.
चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था, “मैं ये इसलिए नहीं कह रहा हूं क्योंकि यहां बहुत सारे मुस्लिम मौजूद हैं, मैं ये महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने खड़ा होकर बोल रहा हूं कि स्वतंत्र भारत का पहला आतंकी हिंदू था, और उसका नाम था नाथूराम गोडसे था.”
हासन के इस बयान पर सबसे पहली प्रतिक्रिया मोदी बायोपिक के अभिनेता रहे विवेक ओबेरॉय ने दी थी. विवेक ने कहा था कि कला की तरह ही आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता.
कमल हासन ने गांधीजी की हत्या के ऊपर ‘हे राम’ नाम की फिल्म भी साल 2000 में बनाई थी.