प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन मामलों में SC पहुंची कांग्रेस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ निर्वाचन नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस सांसद सुष्मिता देव ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है.
याचिका में प्रधानमंत्री मोदी और शाह के खिलाफ चुनाव आयोग में दायर शिकायतों पर जल्द से जल्द कदम उठाने की मांग की गई है. याचिका में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट इस संबंध में चुनाव आयोग को जल्द से जल्द निर्णय लेने का निर्देश दे.
सुप्रीम कोर्ट इस मामले में कल सुनवाई करेगा.
23 अप्रैल को तीसरे चरण के मतदान के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आदर्श चुनाव आचार संहिता का बार-बार उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग में फिर शिकायत दर्ज कराई थी. कांग्रेस ने प्रधानंमत्री के प्रचार पर 72 घंटे का प्रतिबंध लगाने की मांग की है.
कांग्रेस का कहना है कि तीसरे चरण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मतदान केंद्र के बाहर रोड शो किया और साथ ही पत्रकारों के जरिए लोगों को संबोधित किया. उन्होंने पहले की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2014 और 2017 में भी इसी तरह आचार संहिता का उल्लंघन किया था.
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर आरोप लगाए कि वो लगातार सेना की उपलब्धियों को अपनी सरकार की सफलता बताकर वोट पाने की कोशिश कर रहे हैं.
सिंघवी ने कहा, “जितना बड़ा पद होता है उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी होती है लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि उत्तरदायित्व और कर्तव्य समझने की बजाय प्रधानमंत्री ने लोकसभा चुनाव के दौरान तीसरी या चौथी बार जान-बूझकर आचार संहिता का उल्लंघन किया”.