रविदास मंदिर मामला: ‘दंगा करने’ के आरोप में भीम आर्मी प्रमुख गिरफ्तार


Ravidas temple protesters sent to 14-day judicial custody

 

भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को दंगा करने और अवैध रूप से एकत्र होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और उन्हें बृहस्पतिवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

रविदास मंदिर गिराए जाने के विरोध में रहा प्रदर्शन बुधवार रात हिंसक हो गया, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए ‘हल्का लाठीचार्ज’ और आंसू गैस का इस्तेमाल करना किया. इसके बाद चंद्रशेखर और करीब 96 अन्य को बुधवार की रात तुगलकाबाद इलाके से हिरासत में लिया गया.

अधिकारी ने बताया, “दंगा करने, अवैध रूप से एकत्र होने, लोकसेवक को उसका कर्तव्य पूरा करने से रोकने के लिए जानबूझकर चोट पहुंचाने और अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है. चंद्रशेखर को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके अलावा 96 अन्य प्रदर्शनकारी पुलिस हिरासत में हैं. जांच जारी है.”

प्रदर्शनकारी कल रात उस स्थल तक मार्च किया और इसी दौरान एक समूह हिंसक हो गया. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार को बड़े पैमाने पर हिंसा हुई. उपद्रवियों ने 100 से ज्यादा वाहनों में तोड़फोड़ की जिनमें से कुछ गाड़ियां पुलिस की हैं और कुछ आम लोगों की हैं.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए. इससे पहले दिन में हजारों दलितों ने मध्य दिल्ली के झंडेवालान में अम्बेडकर भवन से रामलीला मैदान तक मार्च किया था. वे तुगलकाबाद क्षेत्र में रविदास मंदिर को गिराए जाने का विरोध कर रहे थे. प्रदर्शनकारी देश के विभिन्न हिस्सों से आए थे.

हाई कोर्ट के आदेश पर दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने 10 अगस्त को तुगलकाबाद इलाके में स्थित मंदिर गिरा दिया था.

जिसके बाद, पंजाब सरकार ने ‘मंदिर’ को हटाने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका का पूरा खर्च उठाने का एलान किया था. मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने फैसले का विरोध कर रहे समुदाय को मामले के हल और उसी स्थान पर मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए सभी तरह की कानूनी और वित्तीय मदद का आश्वासन दिया था.


ताज़ा ख़बरें