दिल्ली चुनाव: EC ने अनुराग ठाकुर और प्रवेश वर्मा को स्टार प्रचारकों की सूची से हटाने का आदेश दिया
चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा को बीजेपी के स्टार प्रचारकों की सूची से तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दिया है.
इससे पहले चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को दिल्ली में एक चुनावी रैली के दौरान भड़काऊ भाषण के लिए कारण बताओ नोटिस भेजा था. ठाकुर को जवाब देने के लिए चुनाव आयोग ने 30 जनवरी दोपहर 12 बजे तक का समय दिया है.
रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली से बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा को भी उनके विवादित बयान के लिए चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है. इससे पहले दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी ने अनुराग ठाकुर और प्रवेश वर्मा द्वारा प्रयोग की गई भड़काऊ भाषण की रिपोर्ट चुनाव आयोग को सौंपी थी.
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के रिठाला में एक चुनावी सभा में सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधते हुए ‘गद्दारों को गोली मारो’ जैसे भड़काऊ नारे लगवाए थे.
वहीं बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा था कि जैसा कश्मीर में कश्मीरी पंडितों के साथ हुआ वैसा ही दिल्ली के लोगों के साथ हो सकता है, लाखों सीएए विरोधी प्रदर्शनकारी लोगों के घरों में घुसकर उनकी बहन बेटियों का बलात्कार और कत्ल कर सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनते ही सरकारी जमीन पर बनी सारी मस्जिदें गिरा दी जाएंगी.
चुनाव आयोग ने अनुराग ठाकुर को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में नोटिस भेजा है.
चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने कहा, ‘प्रवेश वर्मा को लेकर एक रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी गई है. यह रिपोर्ट शाहीन बाग और धार्मिक स्थलों से जुड़े उनके बयान और ट्वीट को लेकर भेजी गई है.’