एशिया कप फुटबाल मैच में भारत ने थाईलैंड को 4-1 से हराया


india defeated thailand in football asia cup

 

भारतीय फुटबाल टीम ने एएफसी एशियाई कप के शुरूआती मैच में थाईलैंड को 4-1 से हरा दिया है. भारतीय टीम ग्रुप ए में मेजबान यूएई, थाईलैंड और बहरीन के साथ है. यह महाद्वीपीय टूर्नामेंट पहली बार 24 टीमों के बीच खेला जा रहा है, जो पहले 16 टीमों का हुआ करता था. भारतीय टीम 1964 में उप विजेता रह चुकी है.

साल 1984 और 2011 में भारत ग्रुप चरण में टूर्नामेंट से बाहर हो गया था.

चार-चार टीमों के छह ग्रुप में से प्रत्येक में दो शीर्ष टीमें तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली चार टीमें राउंड 16 के लिये क्वालीफाई करेंगी.

चौथे एशियाई कप में भाग ले रही भारतीय टीम ने टूर्नामेंट से पहले चीन और ओमान से गोलरहित ड्रा खेला था. जबकि एशियाई कप से पहले तीसरे बड़े मैच में उसे जोर्डन से 1-2 की करीबी हार का सामना करना पड़ा था.

कोच स्टीफन कांस्टेनटाइन के खिलाड़ी 2011 चरण के प्रदर्शन को भी सुधारने के लिए बेताब हैं. जिसमें उसने अपने सभी ग्रुप मैच गंवा दिए थे. पहला मैच जीतकर भारतीय टीम ने इसकी झलक भी दिखा दी है.

अब भारत 10 जनवरी को यूएई और 14 जनवरी को बहरीन के खिलाफ होने वाले मैचों में ड्रा खेलकर भी नाकआउट दौर में पहुंचा सकता है.

फीफा रैंकिंग में भारत 97वें जबकि थाईलैंड 118वें स्थान पर काबिज है. लेकिन महाद्वीपीय टूर्नामेंट में रैंकिंग का इतना महत्व नहीं होता. अपने ग्रुप में यूएई के बाद भारत दूसरी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग की टीम है.


Big News