जेएनयू प्रशासन ने धार्मिक गुरुओं की मेजबानी में लाखों उड़ाए, नाराज छात्र करेंगे हड़ताल


jnu student goes on strike

  फाइल चित्र

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) ने दो दिवसीय हड़ताल की घोषणा की है. ये हड़ताल धार्मिक गुरुओं की मेजबानी पर हुए खर्च के विरोध में की जाएगी.

जेएनयू एसयू ने आगामी आठ और नौ जनवरी को ये हड़ताल बुलाई है.

छात्र संघ का कहना है कि धर्म गुरु श्री श्री रविशंकर और सदगुरु की मेजबानी पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने करीब 13 लाख रुपये खर्च किए. छात्रों का कहना है कि जेएनयू के कुलपति ने विश्वविद्यालय के एक दृष्टिबाधित छात्र के दोबारा पंजीकरण से इनकार कर दिया.

‘सेंटर फॉर जैपेनीज स्टडीज’ के छात्र मुनेश सुविधाओं के अभाव में फेल हो गए थे. प्रशासन ने धन की कमी का हवाला देकर उनका फिर से पंजीकरण करने से इनकार कर दिया.

छात्र संघ ने एक बयान जारी कर इसे शर्मनाक बताया है.

छात्र संघ की ओर से कहा गया कि कुलपति ने साधुओं की मेहमाननवाजी में लाखों रुपये उड़ा दिए, जबकि छात्रों के लिए खर्च के नाम पर धन के अभाव की दलील दी जा रही है.

छात्रों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. ये आरोप इस शैक्षणिक संस्थान के उद्देश्यों पर ही सवालिया निशान खड़े करते हैं. छात्रों का कहना है कि कुलपति ने लाइब्रेरी के कोष में 80 फ़ीसदी की कमी की है, वहीं सुरक्षा पर 89 फ़ीसदी खर्च बढ़ाया गया है.

छात्र संघ ने दावा किया है कि विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम के लिए श्री श्री के हवाई टिकटों पर ही 87 हजार रुपये खर्च किए गए. छात्र संघ ने दावा किया कि ये धन वार्षिक उत्सव के नाम पर रखे गए बजट से निकाला गया.


ताज़ा ख़बरें