बांग्लादेश आम चुनाव : शेख हसीना ने दर्ज की बड़ी जीत
बांग्लादेश में हुए आम चुनावों में आवामी लीग ने एक बार फिर से बड़ी जीत दर्ज की है. प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग और उसके सहयोगी दलों ने अभी तक कुल 300 सीटों में से 287 सीटें जीत कर सत्ता पर कब्जा बनाए रखा है.
वहीं मुख्य विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके सहयोगी दलों को महज सात सीटें हासिल हुई.
व्यापक हिंसा के बीच हुए चुनावों में विपक्षी पार्टियों ने धांधली के आरोप लगाए हैं. केवल चुनाव के दिन ही कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई. विपक्षी नेता कमल हुसैन ने फिर से चुनाव कराने की मांग की है.
शेख हसीना गोपालगंज सीट से मैदान में थीं, जहां उन्होंने 2 लाख 29 हजार से अधिक वोट प्राप्त किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी बीएनपी के उम्मीदवार को महज 123 वोट मिले.
चुनाव आयोग के मुताबिक 300 संसदीय सीटों में से 299 सीटों पर चुनाव हुआ है.इसके लिए 1,848 उम्मीदवार मैदान में थे. चुनाव के लिए 40,183 मतदान केन्द्र बनाए गए. एक उम्मीदवार के निधन के कारण एक सीट पर चुनाव नहीं हुआ.