रांची वनडे: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 32 रनों से हराया
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही पांच मैचों की सीरीज के तीसरे एकदिवसीय मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 32 रनों से हरा दिया है. ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 314 रनों का लक्ष्य दिया था.
कोहली के शतक के बावजूद भारत निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका और भारत की पूरी टीम 48.2 ओवर में 281 रन बनाकर आउट हो गई. कोहली ने 123 रन की शानदार पारी खेली. कोहली के अलावा भारत की ओर से महेंद्र सिंह धोनी ने 26, विजय शंकर ने 32, केएम जाधव ने 26 और रविंद्र जडेजा ने 24 रन की पारी खेली.
ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 313 रन बनाया था. ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन उस्मान ख्वाजा (104) ने बनाए तो वहीं एरोन फिंच ने 93, ग्लेन मैक्सवेल ने 47 और शॉन मार्श ने 7 रन बनाए. जबकि पीटर हैंड्सकॉम्ब बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए.
इसके अलावा मार्कस स्टोइनिस ने 31 और एलेक्स कैरी ने 21 रन की नाबाद पारी खेली. भारत के लिए कुलदीप यादव ने 3 और मोहम्मद शमी ने एक विकेट हासिल किया.
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. इस मैच में भारत पिछले मैच वाली अंतिम ग्यारह के साथ ही उतरा था.