आईपीएल: अलजारी जोसेफ ने तोड़ा 11 साल पुराना रिकॉर्ड


alzarri joseph is new sensation in ipl

 

आईपीएल के इस सीजन में छह अप्रैल का दिन लो स्कोरिंग मैचों का रहा. जहां पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग ने 160 रन के मामूली माने जाने वाले स्कोर को डिफेंड कर लिया, वहीं दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने तो कमाल कर दिया. मुंबई ने पहले खेलते हुए 136 रन बनाए जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम महज 96 रन पर पवेलियन वापस चली गई.

मुंबई की इस जीत में आईपीएल के इतिहास में एक नया सितारा चमका, अलजारी जोसेफ. अपने पदार्पण मैच में ही जोसेफ ने रिकार्ड तोड़ प्रदर्शन किया. वैसे तो आईपीएल में कैरेबियाई खिलाड़ियों की धूम रहती है, लेकिन ये नया सितारा कुछ हट के है.

अलजारी जोसेफ ने इस मैच में 3.4 ओवर में 12 रन देकर छह विकेट छटके. इस तरह जोसेफ ने सोहेल तनवीर का 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला. इससे पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी सोहेल ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए 14 रन देकर छह विकेट लिए थे.

22 साल के जोसेफ कैरेबियाई मूल के खिलाड़ी हैं और विश्व क्रिकेट में वेस्टइंडीज की ओर से खेलते हैं. इस मैच में जोसेफ को लसिथ मलिंगा की जगह पर उतारा गया. उन्होंने चयनकर्ताओं का ये फैसला सही साबित कर दिया.

साल 2016 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले अलजारी जोसेफ के बारे में कहा जाता है कि वह दूसरे तेज गेंदबाजों की तरह एग्रेसिव नहीं हैं. मतलब कि गेंदबाजी के दौरान वो शांत रहते हैं. यहां तक की विकेट लेने के बाद भी वह ना हवा में झूलते नजर आते हैं और ना ही बहुत जश्न मनाते हैं.

कहा जाता है कि टी20 बल्लेबाजों का खेल है, लेकिन समय-समय पर गेंदबाजों ने ये साबित कर दिया है कि गेंदबाज अब भी मैच का रुख बदलने का माद्दा रखते हैं. कुछ ऐसी ही गेंदबाजी की अलजारी जोसेफ ने.

जोसेफ ने हैदराबाद के ओपनर और तेज तर्रार बल्लेबाज डेविड वार्नर को अपना पहला शिकार बनाया. अगले ही ओवर में उन्होंने जयशंकर को चलता कर दिया. इस तरह उन्होंने हैदराबाद की शुरुआत ही खराब कर दी.

इसके बाद हैदराबाद की टीम पूरे मैच में इससे उबर नहीं पाई. हूडा के रूप में उन्होंने अपना तीसरा विकेट लिया. चौथा राशिद, पांचवे विकेट के रूप में उन्होंने भुवनेश्वर कुमार का मिडिल स्टंप उखाड़ दिया.

अब नए रिकॉर्ड में सिर्फ एक विकेट बाकी था और हैदराबाद की टीम की हार में भी सिर्फ एक विकेट का फासला था. जोसेफ ने इसे भी चलता करने में देर नहीं की. सिद्धार्थ कौल के रूप में हैदराबाद का दसवां विकेट गिरते ही अलजारी जोसेफ आईपीएल के गेंदबाजी इतिहास में नए रिकॉर्डधारी थे.


Big News