भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 72.7 करोड़ डॉलर की गिरावट
जुलाई के अंतिम सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 72.7 करोड़ डॉलर घटकर 429.649 अरब डॉलर पर आ पहुंचा. रिजर्व बैंक से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक इससे पहले समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 430.376 अरब डॉलर था.
भारत के विदेशी मुद्रा भण्डार में विदेशी मुद्रा आस्तियां, सोना, स्पेशल ड्राइंग राइट्स यानी कि एसडीआर और आईएमएफ के पास भारत के विशेष आहरण अधिकार को शामिल किया जाता है.
देश के विदेशी मुद्रा भंडार में सबसे बड़ी हिस्सेदारी विदेशी मुद्रा आस्तियों यानी कि एफसीए की होती है. साप्ताहिक आधार पर एफसीए में 1.734 अरब डॉलर की कमी आई.
इस दौरान एफसीए घटकर 399.357 अरब डॉलर हो गया. एफसीए में अमेरिकी डॉलर के अलावा 20 से 30 फीसदी अन्य बड़ी वैश्विक मुद्राओं को शामिल किया जाता है.
हालांकि इस दौरान आरबीआई के आंकड़ों से साफ हुआ कि देश का सोना भंडार 1.025 अरब डॉलर बढ़कर 25.330 अरब डॉलर पहुंच गया.
दूसरी ओर एसडीआर में गिरावट दर्ज की गई. इस दौरान एसडीआर 28 लाख डॉलर गिरकर 1.444 अरब डॉलर हो गया.
इसके साथ ही भारत को आईएमएफ से मिलने वाला विशेष आहरण अधिकार भी 1.58 करोड़ डॉलर घटकर 3.587 अरब डॉलर पर आ गया.