साधारण शक्ल-सूरत वाला भारत का एक अंतरराष्ट्रीय कलाकार
कला और व्यावसायिक सिनेमा के बेहद कामयाब अभिनेता ओम पुरी की आज दूसरी पुण्यतिथि है. वे 6 जनवरी 2017 को इस दुनिया को अलविदा कह गए थे.

ओम पुरी ने कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में भी काम कर ख्याति अर्जित की थी. समकालिन कला फिल्मों के अभिनेता नसीरुद्दीन शाह उनके अच्छे दोस्त थे.

उनका जन्म 18 अक्टूबर, 1950 को अंबाला के एक बेहद साधारण परिवार में हुआ था.

बेहद साधारण शक्ल-सूरत वाले ओम पुरी ने दमदार अभिनय की बदौलत फिल्मी दुनिया में अपनी जगह बनाई थी. लेकिन इससे पहले उन्होंने जीवन में संघर्षों का लंबा दौर देखा था.

पांच साल की उम्र में वो रेल की पटरियों से कोयला बीन कर घर लाते थे. सात साल की उम्र में चाय की दुकान पर गिलास धोने का भी काम वो कर चुके थे.

छोटी-मोटी नौकरी करते हुए वो थिएटर की दुनिया तक पहुंचे थे और फिर वहां से फिल्मी दुनिया में. यह दृश्य उनकी पहली फिल्म ‘घासीराम कोतवाल’ का है. यह फिल्म विजय तेंदुलकर के मराठी नाटक ‘घासीराम कोतवाल’ पर आधारित था.

बाद के दिनों में उन्होंने ‘मजमा’ नाम की एक थिएटर कंपनी की भी स्थापना की थी. यह सीन हॉलीवुड की फिल्म ‘वुल्फ’ का है. उन्होंने इस फिल्म में जैक निकोलसन के डॉक्टर का किरदार निभाया था.

यह सीन उनकी बहुचर्चित फिल्म ‘सिटी ऑफ जॉय’ का है. इस फिल्म में उनके साथ पैट्रिक स्वेज ने काम किया था. पैट्रिक की 2009 में कैंसर से मृत्यु हो गई थी. उस वक्त वो ओम पुरी से भी उम्र में छोटे थे.

ओम पुरी आखिरी दिनों में अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर काफी विवादों में रहे थे. ये विवाद उनकी पत्नी के उनके ऊपर लिखी किताब के बाद शुरू हुए थे. इसमें उनकी निजी ज़िंदगी से जुड़ी कुछ अतरंग बातें कही गई थीं. यह सीन उनकी फिल्म ‘ईस्ट इज ईस्ट’ का है. इस फिल्म की निर्माता लेस्ली वूडवीन हैं जिन्होंने दिल्ली की 16 दिसंबर की गैंग रेप की घटना पर ‘इंडियाज डॉटर’ नाम की डॉक्यूमेंट्री बनाई थी.

यह सीन फिल्म ‘द्रोहकाल’ की शूटिंग का है. गोविंद निहलानी की इस फिल्म में ओम पुरी और नसीरुद्दीन शाह ने मुख्य भूमिका निभाई थी.
Pic Courtesy – twitter.com/OmRajeshPuri