लोकसभा चुनाव: दूसरे चरण में इन चेहरों पर होंगी सबकी नजरें
मथुरा संसदीय क्षेत्र अपने स्टार फैक्टर के कारण हमेशा ही चर्चा का विषय रहता है. बीजेपी सांसद हेमा मालिनी को इस बार कांग्रेस के महेश पाठक और आरएलडी के कुंवर नरेंद्र सिंह से कड़ी टक्कर मिल रही है. यही कारण है कि इस बार उनके पति और एक्टर धर्मेंद्र ने भी उनके लिए चुनाव प्रचार किया.

दूसरे चरण के चुनावों में एक प्रमुख नाम राज बब्बर का भी है. जो फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. 2008 में हुए परिसीमन के बाद फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट अस्तित्व में आई थी.

कर्नाटक की तुमाकुरू सीट से देवगौड़ा जेडीएस के उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला बीजेपी के जीएस बासवराज से है.

2009 में तमिलनाडु की थूथुक्कुडी सीट वजूद में आई थी. यहां अब तक 2 बार लोकसभा चुनाव हुए हैं. 2009 में DMK के एसआर जयदुराई को यहां से जीते थे. 2014 के चुनाव में AIADMK के जयसिंह त्यागराज नटरजी ने यहां परचम लहराया था. इस बार इस सीट पर मुकाबला डीएमके की कनिमोड़ी करुणानिधि और बीजेपी के डॉ. तिमिलिसाई के बीच है.

जम्मू-कश्मीर में फिलहाल आर्टिकल 370 को लेकर सियासत गरम है. इसीलिए श्रीनगर सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है. यहां फारुख अब्दुल्ला का मुकाबला पीडीपी के आगा सैयद मोहसिन और बीजेपी के शेख खालिद जहांगीर से होगा.

तमिलनाडु की शिवगंगा सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता पी चिदंबरम 7 बार सांसद रह चुके हैं. पिछले चुनाव में उनके बेटे कार्ति पिता की कामयाबी को नहीं दोहरा पाए थे, लेकिन एक बार फिर कांग्रेस ने इस सीट पर कार्ति चिदंबरम को उतारा है. उनके सामने बीजेपी के एच राजा होंगे.

कांग्रेस से कर्ण सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह बीजेपी के जितेंद्र सिंह को चुनौती दे रहे हैं. जम्मू-कश्मीर की उधमपुर सीट पर मुख्य मुकाबला इन दोनों के बीच है.

तमिलनाडु की करुर सीट पर अन्नाद्रमुक के वर्चस्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ये सभी छह की छह सीटें एआईएडीएमके के पास हैं. यहां एआईडीएमके के एम थंबीदुरई का मुकाबला कांग्रेस की सेल्वी ज्योति मणि से होगा.

कर्नाटक की दक्षिण बेंगलूरू सीट से बीजेपी के उम्मीदवार तेजस्वी सूर्या हैं. ये सीट 1991 से बीजेपी का गढ़ रही है. 1996 से इस सीट का प्रतिनिधित्व करते आ रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता अनंतकुमार के कुछ माह पहले निधन से बीजेपी को तगड़ा झटका लगा था. इस सीट से कांग्रेस ने बीके हरिप्रसाद को मैदान में उतारा है. 65 साल के बीके हरिप्रसाद कर्नाटक से राज्यसभा सांसद हैं.

बेंगलुरु उत्तर लोकसभा सीट कर्नाटक राज्य की अहम सीट है. बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा को अपना प्रत्याशी बनाया है. कृष्ण बायरे गौड़ा कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं.

सबकी नजरें तमिलनाडु की चेन्नई सेंट्रल सीट पर टिकी हुई हैं. यहां से यूपीए उम्मीदवार दयानिधि मारन चुनावी दावा ठोक रहे हैं. यहां उन्हें टक्कर देने के लिए पट्टाली मक्कल काची के नेता सैम पॉल चुनावी मैदान में हैं.

उत्तर प्रदेश की आगरा सीट पर बीजेपी के एसपी सिंह बघेल, बीएसपी के मनोज कुमार सोनी और कांग्रेस के प्रिता हरित के बीच मुकाबला है. यह सीट एक समय में कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थी. पिछले दो दशकों में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी या समाजवादी पार्टी ही जीत हासिल करती आ रही है. दलितों का गढ़ माने जाना वाले आगरा क्षेत्र में पिछले साल केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खिलाफ दलितों की नाराजगी खुलकर सामने आई थी.

बिहार की भागलपुर सीट पर जेडीयू के अजय कुमार मंडल और आरजेडी के शैलेश कुमार आमने सामने हैं. मंडल वर्तमान में नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. लेकिन इस बार भागलपुर से बीजेपी का चेहरा रहे शाहनवाज हुसैन का टिकट कट जाने के कारण इस पर तरह-तरह की अटकलें लगने लगी हैं.

ओडिशा की 21 सीटों में से सुंदरगढ़ एकलौती सीट है जहां बीजेपी को पिछले चुनाव में जीत हासिल हुई थी. पिछले 2 लोकसभा चुनावों में इस सीट पर हार-जीत का अंतर दो फीसदी से कम के वोट मार्जिन पर हुआ है. यहां कांग्रेस के जॉर्ज तिकी का मुकाबला बीजेपी के जुएल ओरम से है.