दिल्ली: बारिश के बाद लोगों को चिलचिलाती धूप से राहत
दिल्ली, एनसीआर में सुबह तेज बारिश के बाद आज लोगों को मई की चिलचिलाती धूप और गरमी से राहत मिली. कई दिनों से कड़ी धूप और गरमी के बाद आज सुबह अचानक हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों तक तापमान में कुछ गिरवट आऐगी.

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज दोपहर तक दिल्ली और आस-पास के इलाकों में तेज हवाओं के बीच हल्की गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. दिल्ली में बारिश होने से पहले अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था. आज बुधवार को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

मौसम से राहत के बीच महानगर के लोगों को जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ा. दिल्ली में आईटीओ समेत सभी व्यस्त सड़कों पर लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है.

खुशनुमा मौसम का यह दौर अगले दो दिनों तक जारी रह सकता है.